गर्मी में डाइट कैसी होनी चाहिए?
गर्मियों का मौसम आते ही शरीर को अतिरिक्त देखभाल की जरूरत होती है। इस मौसम में ऐसा भोजन करना चाहिए जो शरीर को अंदर से ठंडक दे। न्यूट्रीशन से भरपूर खाना हर मौसम में जरूरी है, लेकिन गर्मियों में उन चीजों को प्राथमिकता दें जिनकी तासीर ठंडी हो। मूंग दाल एक ऐसी ही चीज़ है, जो स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखती है। यह ना केवल शरीर को ठंडक देती है, बल्कि इसके नियमित सेवन से कई बीमारियों से भी बचा जा सकता है।
मूंग दाल: न्यूट्रीशन का भंडार
मूंग दाल को ठंडी तासीर वाली दाल माना जाता है, यानी इसे खाने से शरीर में गर्मी नहीं बढ़ती। इसमें प्रोटीन, कैल्शियम, विटामिन C, आयरन, विटामिन B6, मैग्नीशियम, फाइबर और पोटैशियम जैसे कई ज़रूरी पोषक तत्व होते हैं। गर्मियों में इसे स्प्राउट्स (अंकुरित) रूप में खाना सबसे बेहतर माना जाता है। आप इसे भीगे हुए चने या अंकुरित काले चने के साथ मिलाकर खा सकते हैं। इससे न्यूट्रिशनल वैल्यू और भी बढ़ जाती है और शरीर को ठंडक भी मिलती है।
मूंग स्प्राउट्स के चमत्कारी फायदे
मूंग के स्प्राउट्स रोज़ाना सुबह नाश्ते में खाने से शरीर को जबरदस्त एनर्जी मिलती है। यह प्रोटीन का अच्छा स्रोत है जिससे मसल्स मजबूत बनती हैं और वजन घटाने में भी मदद मिलती है। इसमें मौजूद फाइबर मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाता है और शरीर में एनर्जी लेवल को भी बनाए रखता है। इसके अलावा, इसमें आयरन भरपूर मात्रा में होता है जो खून की कमी को दूर करता है और हीमोग्लोबिन बढ़ाता है।
आंखों से लेकर ब्लड शुगर तक रखे ख्याल
मूंग दाल में मौजूद विटामिन A आंखों की रोशनी को बनाए रखने में सहायक होता है। साथ ही इसमें जिंक भी पाया जाता है, जो आंखों की सेहत के लिए ज़रूरी है। डायबिटीज के मरीज़ों के लिए भी यह फायदेमंद है क्योंकि मूंग स्प्राउट्स ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। हालांकि, डायबिटीज से जूझ रहे लोग इसे अपने डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह के बाद ही अपनी डाइट में शामिल करें।
गर्मी के मौसम में मूंग दाल को अपनी डेली डाइट में शामिल करके न सिर्फ शरीर को ठंडा रखा जा सकता है, बल्कि इसके ज़रिए न्यूट्रिशन का भी भरपूर फायदा उठाया जा सकता है। हेल्दी रहना है तो मूंग दाल को कहिए – “हां!”






Total Users : 13156
Total views : 32004