शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की स्वाभाविक प्रतिभा को प्रकट करना, बच्चों की कलाकृतियाँ देख कर अभिभूत हूँ, बालिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच रही है, कलेक्टर ने छात्रावास की बालिकाओं के साथ किया संवाद,
शहडोल कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य ने कहा है कि शहडोल जिला असाधारण है। यहाँ सब कुछ अद्भुत है। शहडोल वन संपदा से अच्छादित क्षेत्र है, यहां साल के सघन वृक्ष हैं, जिसमें प्रकृति अपने शुद्धतम स्वरूप में सांस लेती है। यहां प्रकृति की देन खनिज संपदा कोयला है, यहां पेपर मिल है, हमारे शहडोल से सोन नदी जैसी महान नदियां बहती हैं। हमारे शहडोल में ऐतिहासिक पांडव कालीन विराट मंदिर है। हमारे शहडोल में अनेक मंदिर प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक स्थल है, जो हमारे इतिहास का जीता जागता उदाहरण है। यहां के सभी व्यक्ति असाधारण एवं व्यक्तित्व के धनी हैं। शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ किताबी ज्ञान लेना ही नहीं अपितु हमारे चारों ओर क्या हो रहा है, यह भी जानना आवश्यक है। कलेक्टर श्रीमती वंदना वैद्य शनिवार को सायं कालीन सीनियर कन्या छात्रावास गोहपारू में आयोजित “बालिका संवाद कार्यक्रम” में बालिकाओं को सीख दे रही थी।
कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों की स्वाभाविक प्रतिभा को प्रकट करना शिक्षा का उद्देश्य और शिक्षकों का धर्म है। स्कूल शिक्षा विभाग इस उद्देश्य को बखूबी पूरा करता है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि बच्चे बड़े से बड़ा काम कर सकते हैं। स्वामी विवेकानंद जी कहते थे कि हम साधारण मानव नहीं, ईश्वर के अंश हैं, अनंत शक्तियों के भण्डार हैं। अपनी शक्तियों को पहचानो। शिक्षा व्यक्ति की आंतरिक क्षमता को प्रकट करने का अवसर प्रदान करती है। यहाँ पर लगाई गई प्रदर्शनी में बच्चों की कलाकृतियाँ देख कर मैं अभिभूत हूँ। उनके द्वारा बनाये गये मिट्टी के खिलौने, पेंटिंग्स, फोटोग्राफ्स और अन्य कलाकृतियाँ अद्भुत हैं। ये बच्चे कलेक्टर, डॉक्टर, इंजीनियर, फोटोग्राफर, कलाकार, वैज्ञानिक, संगीतकार आदि बनेंगे। मध्य प्रदेश में नई शिक्षा प्रणाली लागू हुई है। हम शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रचेंगे। पहले मध्यप्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश में 17वें स्थान पर था, अब 5वें स्थान पर आ गया है।
कलेक्टर ने बालिकाओं से कहा कि आज बालिकाएं शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच रही है। बालिका हर क्षेत्र में अपना श्रेष्ठ योगदान दे रही है। आज बालिकाएं हर क्षेत्र में कदम से कदम मिलाकर चल रही है। आज बालिका यूपीएससी, पीएससी, जेईई, एनआईटी, नीट इत्यादि देश के महत्वपूर्ण परीक्षाओं में मेहनत कर अब्बल रही है। बालिका हर क्षेत्र में आज अपना लोहा मनवा रही है। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आप लोग मेहनत, लगन, परिश्रम करके अपने सपनों को पूरा करो। कलेक्टर ने बालिकाओं को कहा कि खूब खाओ, खूब खेलो तथा खूब पढ़ो तथा अपने सपनों को पूरा करो। जिंदगी में एक उद्देश बनाओ तथा उस उद्देश्य की प्राप्ति तक न रुको। यही जीवन है तथा यही जीवन का आधार है।







Total Users : 13152
Total views : 31999