जब पूरा देश आतंक के खिलाफ फूंट पड़ा है… जब भारत ने पाकिस्तान के नागरिकों के लिए अपने दरवाज़े बंद कर दिए हैं… ठीक उसी वक्त, एक चर्चित चेहरा सामने आता है — राखी सावंत। लेकिन इस बार कोई ग्लैमर या ड्रामा नहीं, बल्कि एक भावुक अपील… एक माँ, एक पत्नी और एक हिंदुस्तानी बहू के हक़ में। सवाल उठता है: क्या एक पाकिस्तानी मूल की महिला को उसकी नयी पहचान से भी वंचित कर दिया जाएगा? या इंसानियत के नाम पर उसे अपनाया जाएगा?
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। गुस्से से तमतमाए भारत ने पाकिस्तानियों के वीजा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिए हैं और देश छोड़ने का आदेश दे दिया है। ऐसे माहौल में, सीमा हैदर का नाम फिर से सुर्खियों में आ गया है — वही सीमा, जो साल 2023 में गैरकानूनी तरीके से भारत आई थी और ग्रेटर नोएडा के सचिन मीना से विवाह कर एक नये जीवन की शुरुआत की थी। अब जबकि सीमा हाल ही में मां भी बनी है, सवाल उठ रहे हैं: क्या उसे भी देश छोड़ना होगा?
इस संवेदनशील मुद्दे पर बॉलीवुड की ‘ड्रामा क्वीन’ के नाम से मशहूर राखी सावंत ने अपनी आवाज बुलंद की है। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावनात्मक वीडियो साझा करते हुए राखी ने कहा, “सीमा हैदर अब भारत की बहू है। सचिन से शादी करके उसने न सिर्फ धर्म बदला, बल्कि हिंदुस्तानी संस्कृति को भी अपनाया। वह अब एक मां है, पत्नी है और सबसे बड़ी बात, एक भारतीय नागरिक जैसा जीवन जी रही है।” राखी का ये अपील ना सिर्फ भावनाओं से भरी थी, बल्कि भारतीय संस्कृति के ‘अतिथि देवो भवः’ और ‘नारी सम्मान’ जैसे मूल्यों की भी याद दिलाती है।
राखी सावंत ने यह भी कहा कि किसी महिला के साथ अन्याय करना, उसे जबरन निकालना मानवीयता के खिलाफ है। राखी ने भारत सरकार से गुज़ारिश की कि सीमा को पाकिस्तान वापस न भेजा जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि “अगर वह मां नहीं बनी होती तो एक बहस की गुंजाइश हो सकती थी, लेकिन अब एक मासूम बच्चे की भी ज़िंदगी दांव पर है। क्या हम एक मासूम की मुस्कान छीन सकते हैं?” राखी ने कहा कि साजिश और राजनीति को दरकिनार कर मानवता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
सीमा हैदर का मामला केवल एक कानूनी या राजनीतिक विषय नहीं रहा, बल्कि यह भारतीय समाज के मूल्यों की भी परीक्षा बन चुका है। एक ओर देशभक्ति और सुरक्षा का सवाल है, तो दूसरी ओर नारी सम्मान और मानवता की पुकार। राखी सावंत के इस समर्थन ने इस बहस को और भी गहरा बना दिया है। क्या भारतीय संवैधानिक मूल्य इस प्रेम और समर्पण को स्वीकार करेंगे या सीमा को उसकी गलती के लिए सज़ा मिलेगी, ये अब आने वाले समय में स्पष्ट होगा।






Total Users : 13152
Total views : 31999