बाराबंकी जिले के बदोसराय थाना क्षेत्र के खोर गांव में प्रेम विवाह करने वाले युवक सुधीर की आत्महत्या की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। चार वर्षों के प्रेम संबंध के बाद सुधीर ने अपनी प्रेमिका कोमल से कोर्ट मैरिज की थी। लेकिन शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष ने इस रिश्ते को कभी स्वीकार नहीं किया। ससुराल वालों के लगातार उत्पीड़न और पत्नी कोमल से अलग किए जाने की पीड़ा से टूटकर सुधीर ने आम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना से पहले सुधीर ने ‘हमारी अधूरी कहानी’ शीर्षक से फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी, जिसमें उसने अपने विवाह प्रमाण पत्र के साथ कोमल और उसके परिवार पर गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाए। उसने अपने साथ हो रहे मानसिक अत्याचार और पत्नी को अपने पास नहीं भेजे जाने की बात का खुलासा किया। इस घटना ने प्रेम और सामाजिक विरोधाभासों की जटिलताओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि सुधीर की फेसबुक पोस्ट इस केस को नया मोड़ दे सकती है।
सुधीर की आत्महत्या को लेकर स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के परिवार की शिकायत के आधार पर जांच जारी है। सुधीर के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे पर पेपर पर साइन करने का दबाव बनाया जा रहा था और उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। वहीं, मृतक के भाई ने कहा कि सुधीर को बेहद परेशान किया गया, जिससे मजबूर होकर उसने अपनी जान दे दी।







Total Users : 12937
Total views : 32844