बेगूसराय में वेलेंटाइन डे पर एक दिल दहला देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जहां प्यार के लिए अपना धर्म बदलने वाली मुस्लिम युवती आज अपने ही फैसले पर पछता रही है। हिंदू रीति-रिवाज से शादी करने वाली रोजी प्रवीण का दावा है कि उसने प्रेमी मंतेश कुमार के साथ कोर्ट मैरिज भी की थी, लेकिन अब वही पति उसे अपनाने से इनकार कर रहा है। यहां तक कि दूसरी शादी करने की तैयारी में जुट गया है। रोजी का आरोप है कि प्रेमी और उसके परिवार वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं, जिससे मजबूर होकर वह पुलिस के पास पहुंची, लेकिन न्याय की राह अब भी कठिन बनी हुई है।
फुलवरिया थाना क्षेत्र के बारो बाजार वार्ड नंबर 13 की रहने वाली रोजी एक सामान्य लड़की की तरह अपने करियर पर ध्यान देना चाहती थी और दरोगा बनने का सपना देख रही थी। लेकिन 2012 में उसकी मुलाकात मंतेश कुमार से हुई और दोनों में प्यार हो गया। अलग-अलग धर्म के होने के कारण परिवार वालों ने इस रिश्ते का विरोध किया, लेकिन समय के साथ दोनों का रिश्ता और मजबूत होता गया। मंतेश ने रोजी को शादी का भरोसा दिलाया और दोनों किराए के मकान में साथ रहने लगे। इस दौरान मंतेश ने रोजी का शारीरिक शोषण किया और शादी का झूठा वादा करता रहा।
रोजी का दावा है कि 9 सितंबर 2024 को उसने हिंदू धर्म स्वीकार कर प्रेमी के साथ कोर्ट मैरिज और मंदिर में शादी कर ली थी। लेकिन शादी के बाद हालात बदल गए। मंतेश ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और जबरदस्ती उसे दूसरों के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव डालने लगा। जब रोजी ने इसका विरोध किया तो उसे बेरहमी से पीटा गया। वेलेंटाइन डे के दिन जब वह प्रेमी के घर पहुंची तो वहां उसके साथ मारपीट की गई और घर से निकाल दिया गया।
इस मामले में सदर डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और महिला थाना ने दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए बुलाया है। हालांकि, प्रेमी का कहना है कि वह अपनी पत्नी को अपनाने के लिए तैयार है, लेकिन उसके परिवार वाले इसके खिलाफ हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अगर लड़की को न्याय नहीं मिला तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रोजी का यह मामला उन लड़कियों के लिए सबक है जो प्यार में सब कुछ दांव पर लगाने के लिए तैयार हो जाती हैं। धर्म बदलकर शादी करने के बाद जब कोई लड़की अपने ही प्रेमी से ठुकरा दी जाती है, तो उसकी स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, यह इस घटना से स्पष्ट होता है। अब देखना होगा कि कानून उसे न्याय दिला पाता है या नहीं।







Total Users : 12937
Total views : 32844