Saturday, December 13, 2025

MP News :भोपाल में निवेश के नाम पर 32 करोड़ की ठगी! सोशल मीडिया बना साइबर ठगों का नया अड्डा

कल्पना कीजिए… आपको मोबाइल पर एक मैसेज आता है। लिखा है—“इस लिंक पर क्लिक कीजिए और पाएं हर महीने 20% रिटर्न!” आप सोचते हैं—कितना अच्छा ऑफर है! क्लिक करते हैं, निवेश करते हैं, और फिर… एक दिन आपका ऐप बंद हो जाता है, और आपके पैसे—गायब!
यह कोई फ़िल्म की कहानी नहीं है, बल्कि मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की हक़ीक़त है। यहां पिछले दो साल में 377 लोग अपनी मेहनत की कमाई से हाथ धो बैठे, और कुल 32 करोड़ 69 हजार रुपये की ठगी दर्ज की जा चुकी है। ये आंकड़े केवल भोपाल के हैं—और ये ट्रेंड पूरे प्रदेश में फैलता जा रहा है।

ऑनलाइन ठगों ने अब शेयर ट्रेडिंग और इनवेस्टमेंट स्कीम को अपनी ठगी का नया हथियार बना लिया है। भोपाल पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स के मुताबिक ये फ्रॉड अब सोशल मीडिया लिंक के ज़रिए हो रहे हैं।
साइबर एक्सपर्ट शोभित चतुर्वेदी बताते हैं—”ठग शुरुआत में रिटर्न दिखाकर लोगों का भरोसा जीतते हैं। जैसे ही व्यक्ति बड़ा निवेश करता है, वह फँस जाता है। बाद में ऐप और वेबसाइट बंद कर दी जाती है।”
सिर्फ दिखावे की ग्रोथ और नकली चार्ट—यही इन स्कीम्स का जाल होता है।

एक भोपाल निवासी को अमेरिकी निवेश कंपनी का हेड बनकर कॉल आया। 20% रिटर्न का झांसा मिला। एक ऐप डाउनलोड कराया गया, जहाँ उनके 7 लाख और फिर 20 लाख का निवेश हुआ। ग्राफ में 1 करोड़ की ग्रोथ दिखाई गई, लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की—सिस्टम फेल!
ना कॉल लगा, ना ऐप चला और ना ही पैसे वापस आए। यही नहीं, कई पीड़ितों ने बताया कि ठग फर्जी सेबी (SEBI) सर्टिफिकेट और नकली कस्टमर केयर तक बनाते हैं।

भोपाल के एडिशनल डीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान के अनुसार, “पुलिस लगातार अवेयरनेस अभियान चला रही है। इसी कारण लोग अब जागरूक हो रहे हैं और मामले रिपोर्ट करने लगे हैं।”

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक:

साल 2023: 95 केस | 1.88 करोड़ की ठगी

साल 2024: 259 केस | 27.15 करोड़ की ठगी

साल 2025 (फरवरी तक): 23 केस | 3.65 करोड़ की ठगी
यह एक चेतावनी है कि कैसे एक लिंक आपकी पूरी ज़िंदगी की कमाई छीन सकता है।

ठगी का ज़्यादातर कारोबार इंस्टाग्राम, फेसबुक और टेलीग्राम जैसे प्लेटफार्म्स से किया जा रहा है। लुभावने विज्ञापन, फर्जी स्क्रीनशॉट, और इन्फ्लुएंसर जैसे प्रोफाइल के जरिए लोगों को फंसाया जा रहा है।
साइबर एक्सपर्ट चेताते हैं—“कोई भी अनजाना लिंक न खोलें। निवेश केवल सर्टिफाइड और सरकारी तौर पर रजिस्टर्ड कंपनियों के माध्यम से करें।”

- Advertisement -
For You

आपका विचार ?

Live

How is my site?

This poll is for your feedback that matter to us

  • 75% 3 Vote
  • 25% 1 Vote
  • 0%
  • 0%
4 Votes . Left
Via WP Poll & Voting Contest Maker
Latest news
Live Scores