सूरत के प्रसिद्ध शिवशक्ति कपड़ा मार्केट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। यह आग इतनी भयावह थी कि चार मंजिला इमारत में स्थित 800 से अधिक दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद इलाके में चारों ओर धुआं ही धुआं फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। दमकल विभाग की 50 से अधिक गाड़ियों और 200 से ज्यादा कर्मियों ने लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई और प्रभावित क्षेत्र को खाली करा लिया गया।
24 घंटे में दूसरी बार लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
चौंकाने वाली बात यह है कि महज 24 घंटे के अंदर इसी कपड़ा बाजार में दूसरी बार भीषण आग लगी है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। आग लगने के कारण आसपास के बाजारों की दुकानों को भी एहतियातन बंद करा दिया गया है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में रखा और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
तेजी से फैली आग, भारी नुकसान की आशंका
शिवशक्ति कपड़ा मार्केट में लगी आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। सभी 800 दुकानें कपड़े की होने के कारण आग ने और तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। दमकल विभाग ने आग को और फैलने से तो रोक लिया, लेकिन बाजार को भारी नुकसान हुआ है। नुकसान की सही मात्रा का आंकलन अभी तक नहीं हो पाया है।
वीडियो में कैद हुई भयावह तस्वीरें
इस घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है। आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों ने चार से पांच चक्कर लगाए और कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की। सूरत के DCP भागीरथ गढ़वी ने बताया कि आग बुझाने के बाद भी इलाके में एहतियात के तौर पर घेराबंदी की गई है और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
नुकसान का आकलन जारी, प्रशासन अलर्ट
अभी तक आग से हुए नुकसान का सही आकलन नहीं हो सका है, लेकिन अनुमान है कि करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ होगा। पुलिस और प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।







Total Users : 12937
Total views : 32844