कैब बुक करते समय हम में से ज्यादातर लोग साफ-सुथरी कार और एक विनम्र ड्राइवर की उम्मीद करते हैं, लेकिन दिल्ली के एक उबर ड्राइवर अब्दुल कादिर ने अपनी सवारी को नया आयाम दिया है। अब्दुल कादिर की कैब में अब यात्रियों को सिर्फ सफाई और आराम ही नहीं, बल्कि मुफ़्त नाश्ता, कोल्ड ड्रिंक, वाई-फ़ाई और अन्य आकर्षक सुविधाएं भी मिलती हैं। हाल ही में, दिल्ली के रेडिट पेज ‘r/delhi’ पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें एक यूज़र ने कादिर की कैब की तस्वीर शेयर की, जिसमें दवाइयाँ, सैनिटाइज़र, टिश्यू, ऐशट्रे, शू पॉलिश, परफ्यूम और गरीब बच्चों के लिए डोनेशन बॉक्स जैसी कई सेवाएं दिख रही थीं। यह पहली बार नहीं है जब कादिर ने सुर्खियाँ बटोरी हैं, इससे पहले जून 2023 में भी उनकी बेहतरीन सेवा की तारीफ़ की गई थी।
कादिर की कैब में यात्रियों के लिए दो निर्देश बोर्ड भी लगाए गए हैं। एक में वाई-फ़ाई का पासवर्ड दिया गया है, जिससे यात्रियों को यह स्पष्ट हो कि सभी सुविधाएं मुफ़्त हैं। वहीं दूसरे बोर्ड पर सभी धर्मों के सम्मान पर ज़ोर दिया गया है, जो उनकी सभ्यता और इंसानियत को दर्शाता है। अपने व्यवसाय के दौरान, कादिर ने बहुत कम ही अपनी यात्राओं को रद्द किया है, जो उनके समर्पण और प्रोफेशनलिज़म को साबित करता है। उनके इस अनोखे और मानवीय प्रयास ने एक बार फिर साबित किया है कि अच्छी सेवा से इंसान का दिल जीतना संभव है।







Total Users : 12937
Total views : 32844