
नई दिल्ली। दिल्ली की नई सरकार एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली में टूटी सड़कों और पानी से संबंधित समस्याओं को लेकर बैठक बुलाई है। बताया गया कि दिल्ली सचिवालय में दोपहर में बजे बैठक होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी और मंत्रियों के व्यक्तिगत स्टाफ की सेवाएं खत्म की गई। पूर्व सरकारों ने जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को दूसरी जगह नियुक्ति किया था, उनको तुरंत अपने मूल विभागों में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई
बताया गया कि कई अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर दूसरे बोर्ड कारपोरेशन में भेजा गया था।सप्ताह भर पहले सभी विभागों से पूर्व सरकार की ओर से कंट्रैक्ट और व्यक्तिगत स्टाफ की जानकारी मांगी गई थी। उनको मूल विभाग में लौटने को कहा गया है।
पदभार संभालते ही क्या बोलीं रेखा गुप्ता
वहीं, दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री का पदभार संभालने के बाद रेखा गुप्ता ने कहा कि उनका मिशन विकसित दिल्ली का है, जिसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन व्यर्थ नहीं होगा। दिल्ली वालों से किया हर वादा पूरा करेंगे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद आप जिस तरह से सीएम कार्यालय में आ सके हैं, ऐसा पहले नहीं होता होगा। नई मुख्यमंत्री के स्वागत में सचिवालय के दूसरे तल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।
सीएम रेखा गुप्ता से मिलने पहुंचे मुख्य सचिव धर्मेंद्र
अतिरिक्त मुख्य सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) नवीन चौधरी ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ ही कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा और रविन्द्र इंद्रराज भी पहुंचे। मुख्यमंत्री जब अपने कार्यालय पहुंचीं तो मुख्य सचिव धर्मेंद्र भीड़ से गुजरते हुए उनसे मिलने पहुंचे और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा के पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जय श्री राम के नारे लगाए। कैबिनेट मंत्री पंकज सिंह के साथ ही केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा एवं सासंद रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज और योगेंद्र चंदोलिया भी मौजूद रहे।
अलग से लगाई गई आतिशी की कुर्सी हटी
जेल से लौटने के बाद अरविंद केजरीवाल ने जब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और आतिशी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। तब सीएम की जिस कुर्सी पर केजरीवाल बैठते थे, उसको आतिशी ने खाली छोड़ दिया था और अपने लिए अलग कुर्सी कार्यालय में लगवाई थी, जिस पर वह बैठती थीं। अलग से लगाई गई इस कुर्सी को अब हटा दिया गया है। सीएम की जिस कुर्सी पर केजरीवाल बैठते थे, उसी को नई सीएम रेखा गुप्ता ने ग्रहण किया।
सादगी से संभाला प्रभार
लंबे समय बाद नई सरकार के आने पर सचिवालय में न तो अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की गई, न ही सचिवालय को फूलों से सजाया गया। बुधवार की शाम इस बारे में निर्देश आते ही सचिवालय को सजाया जाना टाल दिया गया था। नई सरकार ने अतिरिक्त साज-सज्जा से इन्कार कर दिया था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में पदभार संभाला। इस दौरान कैबिनेट मंत्रियों के अलावा वीरेंद्र सचदेवा, बैजयंत जय पांडा, हर्ष मल्होत्रा, बांसुरी स्वराज, योगेंद्र चांदोलिया,रामवीर सिंह बिधूड़ी भी उपस्थित रहे l
केजरीवाल ने अनाप-शनाप पैसा खर्च किया: आशीष सूद
मुख्यमंत्री कार्यालय में पहुंचे दिल्ली की नई सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और आशीष सूद ने वहां की भव्यता देखकर कहा कि जिस तरह से अरविंद केजरीवाल ने अपने आवास पर गलत तरीके से अनाप-शनाप पैसा खर्च किया, ठीक उसी तरह अपने कार्यालय को बनाने में भी खर्च किया है।
उन्होंने कहा कि कार्यालय देखकर ऐसा लग रहा है, मानो की जैसे किसी मुख्यमंत्री का कार्यालय नहीं बल्कि किसी बड़े कारपोरेट हाउस के मालिक का दफ्तर हो।
बता दें कि दिल्ली सचिवालय में स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय सहित प्रमुख कैबिनेट मंत्रियों के कार्यालय के नवीनीकरण का काम कुछ साल पहले शुरू किया गया था, जो अब लगभग पूरा होने वाला है। जिसमें मुख्यमंत्री कार्यालय का कुछ कार्य शेष भी रह गया है। इस योजना पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च किए गए। हालांकि इस कार्य पर पहले कभी विवाद नहीं रहा।