केरल के मलप्पुरम जिले के तिरुर पुथियांगडी उत्सव के दौरान एक हाथी के भड़कने से समारोह में भगदड़ मच गई। समारोह में पांच हाथियों में से एक, पाक्कथु श्रीकुट्टन नामक हाथी अचानक आक्रामक हो गया और एक शख्स को अपनी सूंड से उछालकर दूर फेंक दिया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाथी के आक्रमण के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे कई लोग चोटिल हो गए। घायल व्यक्ति को कोट्टक्कल के एमआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हाथी को लोगों की भीड़ के बीच आक्रमक होते हुए देखा गया। आयोजन के दौरान पांच हाथियों को सुनहरे गहनों से सजाया गया था और ये हाथी नेरचा के समापन समारोह में शामिल हुए थे। घटना रात 12:30 बजे हुई, जब पोथानूर से जुलूस आ रहा था और श्रीकुट्टन नामक हाथी ने अचानक हमला कर दिया।
महावत द्वारा करीब दो बजे हाथी को काबू में करने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया, और इसके बाद और किसी को नुकसान नहीं हुआ। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है।







Total Users : 12937
Total views : 32844