बिपरजॉय का असर.. ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में आज 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है हवा, तीन दिन ऐसा ही रहेगा मौसम का मिजाज
गुजरात से राजस्थान में पहुंचा चक्रवात विपरजॉय कमजोर पड़कर अवदाब के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। चक्रवात बिपरजॉय के असर से राजधानी समेत प्रदेश के बड़े हिस्से में रविवार से मौसम में तेजी से बदलाव आने के आसार हैं। रविवार को ग्वालियर, चंबल, उज्जैन संभाग के जिलों में तेज रफ्तार से हवा चलने के साथ झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान हवा की गति 50 किमी प्रति घंटा पर पहुंच सकती है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बादल छाने के साथ छिटपुट बौछारें भी पड़ सकती हैं। सोमवार “को इन तीन संभागों के साथ रीवा, सागर और जबलपुर संभाग में तेज हवा चलने -और बारिश के आसार हैं। तीन प्रदेश में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।
इसलिए बदल रहा प्रदेश का मौसम
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि विपरजॉय के राजस्थान से दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जाने की संभावना है। इसके असर से रविवार को राजस्थान से की सीमा से लगे ग्वालियर, चंबल एवं उज्जैन संभाग के जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने के भी आसार हैं। हालांकि रविवार को भी सागर संभाग के जिलों में कहीं- कहीं लू चल सकती है।
मंद गति से पूर्व दिशा में बढ़ रहा बिपरजॉय
मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ममता यादव ने बताया कि राजस्थान में सक्रिय चक्रवात बिपरजॉय को अरब सागर से लगातार ऊर्जा मिल रही है। यह काफी मंद गति से उत्तर- पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से रविवार को भोपाल, धार, रतलाम, उच्जैन, मंदसौर, नीमच ग्वालियर, मुरैना, श्योपुरकला, पन्ना एवं छतरपुर जिले में कहीं की बारिश होने के आसार हैं।
भोपाल में छाए बादल, कई जगह चली लू
इंतजार के बीच शनिवार को प्रदेश लू की चपेट में आ गया। शनिवार को छिंदवाड़ा एवं बालाघाट में तीव्र लू चली, जबकि सिवनी, जबलपुर, दमोह, सीधी एवं रीवा में लू का प्रभाव रहा। प्रदेश में सबसे अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान सीधी में दर्ज किया गया। राजधानी में शनिवार को आंशिक बादल छाने के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा था। शहर में न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहा। रविवार को भी सागर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं लू चल सकती है।





Total Users : 13161
Total views : 32012