वेलेंटाइन डे के मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल ने प्रेमी जोड़ों के खिलाफ अभियान छेड़ने का ऐलान किया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 14 फरवरी को कोई प्रेमी जोड़ा मुरादाबाद के किसी भी होटल, रेस्त्रां, मॉल या पार्क में वेलेंटाइन डे मनाते हुए पकड़ा गया, तो प्रेमिका से ही प्रेमी को राखी बंधवाई जाएगी। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इस मुहिम में लगाया गया है, जो वेलेंटाइन डे पर शहरभर में निगरानी रखेंगे।
बजरंग दल के प्रदेश अध्यक्ष रोहन सक्सेना ने आगे कहा कि यह देश भारतीय हिंदू संस्कृति के अनुरूप ही चलेगा और किसी भी हाल में पाश्चात्य संस्कृति को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि संगठन की 12 टीमें पूरे शहर में प्रेमी जोड़ों की तलाश में घूमेंगी। यदि कोई लड़का और लड़की साथ नजर आए, तो कार्यकर्ता लड़की से लड़के के हाथ में राखी बंधवाकर भाई-बहन का रिश्ता बनाने को मजबूर करेंगे। उनका कहना है कि वेलेंटाइन डे जैसे पश्चिमी त्योहार भारत की संस्कृति के खिलाफ हैं और इसे किसी भी कीमत पर बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
बजरंग दल ने वेलेंटाइन डे का विरोध करने के पीछे एक और कारण बताया है। संगठन ने कहा कि यदि इस दिन को मनाना ही है, तो इसे पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों को समर्पित किया जाए। 14 फरवरी को उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने का दिन होना चाहिए, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। इसके अलावा, बजरंग दल ने मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाने का सुझाव भी दिया, जिससे युवा अपने माता-पिता के प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त कर सकें।
मुरादाबाद ही नहीं, बल्कि आसपास के छोटे कस्बों में भी बजरंग दल की 20 अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं। ये टीमें 14 फरवरी को शहर और ग्रामीण इलाकों में सक्रिय रहकर प्रेमी जोड़ों को रोकने का काम करेंगी। संगठन ने स्पष्ट किया है कि वेलेंटाइन डे को भारतीय संस्कृति के विरुद्ध मानते हुए इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि प्रशासन इस स्थिति को कैसे संभालता है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्या कदम उठाता है।






Total Users : 12915
Total views : 32815