कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे कप्तान रोहित शर्मा, जिन्होंने महज 90 गेंदों में 119 रनों की आतिशी पारी खेली। शुभमन गिल ने भी अर्धशतकीय पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 304 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इंग्लैंड के लिए जो रूट और बेन डकेट ने अर्धशतक जमाया, जबकि लियाम लिविंगस्टोन ने अंतिम ओवरों में 41 रन की तेजतर्रार पारी खेल टीम के स्कोर को 300 के पार पहुंचाया।
305 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने मिलकर पहले 15 ओवरों में ही टीम का स्कोर 114 तक पहुंचा दिया। रोहित और गिल की 136 रनों की साझेदारी ने जीत की नींव रखी। हालांकि, विराट कोहली सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर 44 रन बनाकर सेट हो चुके थे, लेकिन अक्षर पटेल के साथ तालमेल की कमी के चलते रनआउट हो गए। अंत में अक्षर पटेल (41*) और रवींद्र जडेजा (नाबाद) ने टीम को जीत तक पहुंचाया, जिसमें जडेजा ने चौका लगाकर विनिंग शॉट खेला। गेंदबाजी में भी टीम इंडिया ने कमाल दिखाया, जहां जडेजा ने 3 विकेट झटके, लेकिन मोहम्मद शमी महंगे साबित हुए, जिन्होंने 7 ओवर में 66 रन लुटा दिए।
इस मैच में रोहित शर्मा ने अपने वनडे करियर का 32वां शतक लगाया। उन्होंने 12 चौके और 7 छक्कों की मदद से 119 रन बनाए। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का 49वां शतक भी है, जिससे वे शतकों की हाफ सेंचुरी से महज एक कदम दूर हैं। इस जीत के साथ भारत ने सीरीज अपने नाम कर ली है और अब तीसरे वनडे में इंग्लैंड के खिलाफ क्लीन स्वीप करने का सुनहरा मौका होगा।






Total Users : 12918
Total views : 32820