नागौद थाना इलाके में एक बेटा ही अपनी मां की जान का दुश्मन बन गया। बेटे ने मां पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को रीवा रेफर किया गया है।
हासिल जानकारी के मुताबिक नागौद थाना क्षेत्र के ग्राम सितपुरा की कोलान बस्ती में रहने वाली केशकली कोल पति कामता कोल (45) पर सोमवार देर रात उसके बेटे सुंदर कोल ने प्राणघातक हमला कर दिया। केशकली को गम्भीर हालत में देर रात सतना जिला अस्पताल लाया गया जहां से डॉक्टरों ने उसे रीवा रेफर कर दिया।
घायल महिला के बड़े बेटे बिंदा कोल ने बताया कि वह सोमवार की शाम लगभग साढ़े 6 बजे जब मजदूरी कर के वापस घर लौटा तो मां खून से लथपथ पड़ी थी। उसकी हालत देख कर तत्काल सरपंच भइया पड़ रहा को जानकारी दी। सरपंच और ग्रामीणों ने एम्बुलेंस बुला कर केशकली को जिला अस्पताल भेजा।
बिंदा ने बताया कि उसका छोटा भाई सुंदर कोल नशे का आदी है। वह तरह- तरह के नशे करता है और नशे के लिए मां-बाप से पैसे मांगता है। नशे की इसी लत के कारण वह अक्सर घर मे झगड़ा करता है। उसकी पत्नी भी पिछले वर्ष उसकी हरकतों से परेशान होकर उसे छोड़ कर चली गई। सोमवार को भी सुंदर ने मां से नशे के लिए पैसे मांगे लेकिन जब मां ने इनकार किया तो उसने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घटना की तहरीर जिला अस्पताल से नागौद थाना भेजी गई है।







Total Users : 12937
Total views : 32844