रीवा जिले में शहर से देहात तक अभिमन्यु अभियान-2 जारी है। यहां पुलिस विभाग के अफसरों द्वारा केंद्रीय क्रमांक-1 विद्यालय, न्यू साइंस कॉलेज, सेंट्रल एकेडमी रीवा में जन जागरूकता अभियान चलाया गया। इंस्पेक्टर आराधना सिंह परिहार, उपनिरीक्षक प्रमोद पाण्डेय, प्रधान आरक्षक पूजा सिंह द्वारा छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालक-बालिकाओं के प्रति नजरिया बदलने की सलाह दी।
कहा कि उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों में कमी लाने, बालक-बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने, समाज में व्याप्त लिंगभेद को समाप्त करने, सभ्य समाज का निर्माण करने, रूढ़िवादी धारणाओं को बदलने, पूर्वाग्रहों के चक्रव्यू को तोड़ते हुए महिलाओं को जागरूक करने के संबंध में अभियान चलाया जा रहा है। इंस्पेक्टर आराधना सिंह ने छात्रों को अभियान के बारे में जानकारी दी।
कहा कि ये अभियान आपको अभिमन्यु बनाने के लिए चलाया जा रहा है। जिसके माध्यम से हम नशा करने वालों के खिलाफ आवाज उठाएंगे। कहीं बिकेगा तो पुलिस को सूचना देंगे। समाज में सजगता से कार्य करेंगे। हम चुप न रहेंगे। संबंधित अपराध होने पर महिला हेल्पलाइन, पुलिस हेल्पलाइन एवं सायबर हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, राष्ट्रीय महिला आयोग तक जाएंगे।







Total Users : 12937
Total views : 32844